
नई दिल्ली, 03 जून, 2025ः देश में कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या 4026 पहुंच गई है। इनमें से 50 फीसदी मामले केरल और महाराष्ट्र में हैं।कोरोना से अब तक 38 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 31 की मौत बीते 4 दिन में हुई हैं। महाराष्ट्र में सोमवार को एक 70 साल और एक 73 साल की महिला की जान चली गई। लगातार बढ़ते केसों के बीच दिल्ली के आरएमएल, सफदरजंग समेत अन्य अस्पतालों ने तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना के मामले बढ़ना कोई चिंता की बात नहीं है। किसी भी मरीज को कोई गंभीर समस्या नहीं हो रही है। सभी में सामान्य लक्षण हैं। आरएमएल अस्पताल में 9 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा- स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय पूरी तरह से सतर्क हैं। सभी राज्यों के हालात पर नजर रख रहे हैं। हमने संबंधित सचिवों और मंत्रियों से बातचीत की है। उन्होंने आगे कहा कि पिछली कोविड लहरों के दौरान बने ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड जैसी चीजों की समीक्षा हो चुकी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां जारी हैं।



