पंजाब में मौसम ने बदला रुख, आंधी और बारिश का अलर्ट, तापमान में आई गिरावट
तापमान में गिरावट, लू से राहत

मोहाली, 26 मई : पंजाब में एक बार फिर मौसम ने अपना रुख बदल लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में आज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। खासकर उत्तर और मध्य पंजाब के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तेज हवाओं और हल्की बारिश के आसार हैं। पिछले सप्ताह 24 मई को हुई तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी, जिससे गर्मी से राहत मिली थी।
तापमान में गिरावट, लू से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में तापमान सामान्य से लगभग 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। इस गिरावट के बाद औसतन 3.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई है, जो इस मौसम में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लुधियाना के समराला में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 33 डिग्री, चंडीगढ़ में 34 डिग्री और अमृतसर में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
29 मई तक लू की चेतावनी नहीं
हालांकि राज्य में नौतपा शुरू हो चुका है, जो आमतौर पर सबसे गर्म दिन माने जाते हैं, लेकिन मौसम विभाग ने 29 मई तक लू की चेतावनी जारी नहीं की है। इसका मतलब है कि इस दौरान तापमान में कोई गंभीर वृद्धि नहीं होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट, नवांशहर, रोपड़, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और अमृतसर में अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं, फाजिल्का, मुक्तसर साहिब, बठिंडा, फरीदकोट, मनसा और संगरूर जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहेगा।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने जनता से आग्रह किया है कि वे तेज हवाओं और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिना आवश्यक काम के बाहर जाने से बचें। किसानों को भी फसल के सुरक्षा उपायों के बारे में सचेत किया गया है ताकि कोई भी नुकसान न हो। इस समय मौसम में हो रही यह अचानक बदलाव लोगों के लिए राहत देने वाली है, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग की ओर से दी गई सलाहों का पालन करना भी जरूरी है।



