
फतेहपुर, 26 मई 2025 : पंजाब के फतेहपुर में सोमवार सुबह शिरोमणि अकाली दल के कौंसलर हरजिंदर सिंह की हत्या में शामिल आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ झब्बाल रोड इलाके में उस समय हुई जब पुलिस को आरोपियों की लोकेशन की गुप्त जानकारी मिली। मौके पर पहुंची छेहर्ता पुलिस स्टेशन की टीम ने जैसे ही इलाके की घेराबंदी की, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोपी को गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों — करण कीड़ा, अमित उर्फ किशू, और एक अन्य व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को कैसे लगी भनक?
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें तुरंत हरकत में आईं। झब्बाल रोड क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया गया था। इसी दौरान आरोपियों ने खुद को फंसा देख गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने संयम और रणनीति के साथ कार्रवाई की, जिससे बड़ी अनहोनी टाली जा सकी।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना अमृतसर के छेहरटा इलाके में रविवार सुबह तब घटी जब हरजिंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे। इसे दौरान बाइक पर सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। पूरा सीन सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिससे पुलिस को हमलावरों की बाइक और उनके वस्त्रों का सुराग मिला। बीते दिन पुलिस ने इस मामले मे बड़ी सफलता हासल करते हुए तीन आरोपियों की पहचान की थी और साथ मे ही अमित, गोपी और करन कीड़ा नामक आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की थी।
इलाके में सुरक्षा कड़ी, आगे की जांच जारी
घटना के बाद झब्बाल रोड और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। पुलिस की टीमें अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। इस कार्रवाई को हरजिंदर सिंह हत्याकांड में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।



