National

फरीदाबाद में कोरोना के बढ़ते मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

फरीदाबाद, 25 मई: हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक कुल 9 कोरोना केस सामने आ चुके हैं। इनमें 4 मामले गुरुग्राम से, 3 फरीदाबाद से और करनाल तथा यमुनानगर से 1-1 मामला दर्ज किया गया है। फरीदाबाद में हाल ही में दो नए केस सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। पहला मामला सेक्टर-39 के दयालबाग इलाके का है, जहां 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर डेवलपर कोरोना संक्रमित पाया गया। बताया जा रहा है कि युवक वर्क फ्रॉम होम कर रहा था और 18 मई को बुखार व हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद उसने दिल्ली के एक अस्पताल में जांच कराई। रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। फिलहाल युवक को घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया है। उसके परिवार के अन्य सदस्यों की जांच भी कराई गई है। दूसरा मामला सेक्टर-16 की 30-35 वर्षीय महिला का है, जो ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। महिला को 21 मई को बुखार आया था और 22 मई को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला को भी घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महिला के परिवार के अन्य चार सदस्य स्वस्थ हैं और उनकी जांच भी जल्द कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए लोगों से सावधानी बरतने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि प्रदेशवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सभी को सतर्क रहने और मास्क, सैनिटाइजर व सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना चाहिए। विभागीय अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि गुरुग्राम में भी दो नए कोरोना मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए अस्पताल प्रबंधन से संपर्क साधने में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button