पीएम मोदी में अमेरिका के सामने निर्वासितों का मुद्दा उठाने का साहस नहीं – धालीवाल
अमेरिका लगातार मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहा है
अमृतसर, 18 फरवरी 2025- अमेरिका से पंजाबियों को निकाले जाने के मुद्दे पर बोलते हुए इमीग्रेशन मामलों के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि अमेरिका लगातार मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहा है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाए। कल निर्वासित व्यक्तियों के कहने पर विमान में चढ़ते समय अमेरिकी पुलिस द्वारा उनकी पगड़ियाँ उतारकर हथकड़ी लगाने के बारे में बोलते हुए धालीवाल ने कहा कि अमेरिका द्वारा इन व्यक्तियों पर किया जा रहा यह अमानवीय अत्याचार मानवाधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत करके लौटे श्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रंप से वहां रह रहे भारतीयों के मुद्दे पर चर्चा तक नहीं की, जबकि वह ट्रंप को अपना करीबी मित्र बताते हैं।उन्होंने कहा कि भारत सरकार की विदेश नीति विफल साबित हुई है और हमारे द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाने तथा मीडिया में आई खबरों को नजरअंदाज करने के बावजूद केंद्र सरकार का विदेश विभाग अमेरिका के साथ अपने देशवासियों के मुद्दे पर चर्चा नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि यदि इन अवैध रूप से रह रहे लोगों को वापस लाना ही था तो भारत सरकार उन्हें अपने जहाजों से ला सकती थी और उन्हें अमेरिकी सैन्य विमानों के जरिए वापस लाकर देश में आतंक पैदा करने की कोई जरूरत नहीं थी।



