Punjab

अभिषेक धवन ने सीमावर्ती गांवों की टूटी सड़कों के लिए केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

हरदीप सिंह पुरी ने भी की सिफारिश

जसविंदर सिंह संधू

फिरोजपुर, 26 जुलाई: पंजाब भाजपा युवा मोर्चा के उपप्रधान अभिषेक धवन ने सीमावर्ती क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। अपने पत्र में धवन ने फिरोजपुर जिले के गांव कमाले वाला, खुण्डर गट्टी, चांदी वाला और झुगी शीना सिंह वाला की सड़कों की दुर्दशा का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत इनकी मरम्मत और निर्माण की मांग की है। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में आई विनाशकारी बाढ़ के चलते इन गांवों की संपर्क सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके कारण न केवल आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि इन सीमावर्ती गांवों की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। धवन द्वारा उठाए गए इस मुद्दे को अब केंद्र में और बल मिला है, जब केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस मामले में शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखते हुए अभिषेक धवन के आग्रह का समर्थन किया। पुरी ने पत्र में इन गांवों की सामरिक और सामाजिक महत्वता का जिक्र करते हुए शीघ्र कार्रवाई की सिफारिश की है। अभिषेक धवन ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों के विकास के लिए मूलभूत ढांचे का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। “ये गांव हमारे देश की सीमाओं की चौकसी में सहयोगी हैं। यहां के लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलनी ही चाहिए,” उन्होंने कहा। धवन लंबे समय से फिरोजपुर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र में जनसंपर्क, युवाओं से संवाद और विकास कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता उन्हें एक जमीनी जनसेवक की पहचान दिला चुकी है। स्थानीय ग्रामीणों ने धवन के इस प्रयास की सराहना की है और आशा जताई है कि जल्द ही उनके गांवों की सड़कें फिर से बनेंगी, जिससे क्षेत्र में विकास की नई रफ्तार आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button