
जसविंदर सिंह संधू
चंडीगढ़, 7 जुलाई : पंजाब में 14 आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड और गैंगस्टर से आतंकी बना हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया अब भारत की गिरफ्त में आने ही वाला है। अमेरिका की धरती से भारत की एजेंसियों तक उसका सफर अब अंतिम मोड़ पर है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ISI और खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े इस आतंकवादी को जल्द भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पहले ही हैप्पी पासिया पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर चुकी है। इस साल अप्रैल में अमेरिकी एजेंसी ICE (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इंफोर्समेंट) ने सैक्रामेंटो से उसे हिरासत में लिया था। अब भारत सरकार को उसकी प्रत्यर्पण की औपचारिक मंजूरी मिल चुकी है।
14 धमाके, 3 महीने में दहला दिया पंजाब
पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त रिपोर्ट में सामने आया है कि पासिया ने नवंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच पंजाब में कई बम धमाकों और ग्रेनेड हमलों की साजिशें रची थीं:
1. 24 नवंबर: अजनाला थाने के बाहर RDX लगाया, समय पर विस्फोट नहीं हुआ।
2. 27 नवंबर: गुरबख्श नगर में बंद चौकी पर ग्रेनेड विस्फोट।
3. 2 दिसंबर: काठगढ़ थाने (SBS नगर) पर ग्रेनेड अटैक।
4. 4 दिसंबर: मजीठा थाने में धमाका।
5. 13 दिसंबर: अलीवाल (बटाला) थाने पर ग्रेनेड अटैक।
6. 17 दिसंबर: इस्लामाबाद थाने में धमाका, खुद DGP ने माना आतंकी हमला।
7. 16 जनवरी: अमृतसर के जैंतीपुर में व्यापारी के घर पर हमला।
8. 19 जनवरी: गुमटाला पुलिस चौकी पर धमाका, BKI ने ली जिम्मेदारी।
9. 3 फरवरी: फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर पुलिस चौकी टारगेट।
10. 14 फरवरी: डेरा बाबा नानक में पुलिसकर्मी के घर पर हमला।
11. 15 मार्च: अमृतसर के ठाकुर द्वारा मंदिर को बनाया निशाना, आरोपी एनकाउंटर में मारा गया।
ISI से सीधा संपर्क, बर्नर फोन से चलाता था आतंक का नेटवर्क
सूत्रों का दावा है कि हैप्पी पासिया ISI के टॉप अधिकारियों से सीधे संपर्क में था। पाकिस्तान से उसे फंडिंग और हथियार भेजे जाते थे। अमेरिका में पहचान छुपाने के लिए वह बर्नर फोन का इस्तेमाल करता था और मानव तस्करी रूट के जरिए 2021 में अवैध रूप से अमेरिका पहुंचा था। वहां से ही वह पंजाब में अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।
अब भारत वापसी तय! सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
भारतीय एजेंसियों ने अमेरिका को प्रत्यर्पण के लिए आधिकारिक अनुरोध भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। अब पासिया को जल्द भारत लाया जाएगा, जहां उस पर देशद्रोह, आतंकी हमलों, हत्या और साजिश रचने जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमा चलेगा।
क्यों है हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी इतनी बड़ी कामयाबी?
1. पंजाब में खालिस्तानी मॉड्यूल को पुनर्जीवित करने की थी कोशिश
2. ISI की मदद से धार्मिक स्थलों और पुलिस पर हमलों की साजिश
.3. बब्बर खालसा जैसे संगठनों को फिर से खड़ा करने की रणनीति
4. अमेरिका में बैठकर भारत में दहशत फैलाने की योजना बना रहा था
अब साज़िश का अंत
हैप्पी पासिया की गिरफ़्तारी और प्रत्यर्पण सिर्फ एक आतंकवादी को सज़ा दिलाने का मामला नहीं है, बल्कि यह भारत की आतंकी नेटवर्क्स के खिलाफ निर्णायक जवाबी कार्रवाई है। आने वाले दिनों में उससे जुड़ी कई और परतें खुलने की संभावना है।



