पंजाब में NIA की तड़के छापेमारी से मचा हड़कंप—दो जिलों में घंटों चली कार्रवाई, क्या है बड़ा राज?

जसविंदर सिंह संधू
चंडीगढ़, 26 जून 2025 : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार सुबह पंजाब में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बता दे कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब के जालंधर और टांडा उड़मुड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ दो जगहों पर छापेमारी की। एनआईए की टीम सुबह 6 बजे दोनों इलाकों में पहुंची और कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
उड़मुड़ में विदेश में रह रहे युवक के घर पर रेड
सूत्रों के अनुसार, टांडा उड़मुड़ के गढ़ी मोहल्ला में जिस घर पर रेड की गई, वह एक ऐसे युवक का है जो फिलहाल विदेश में रह रहा है। एनआईए ने उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और घर में मौजूद दस्तावेज़ों व सामान की गहन जांच की। टीम के रवैये से लग रहा था कि एजेंसी के पास पहले से कोई ठोस इनपुट था।
जालंधर की फ्रेंड्स कॉलोनी में भी छापा, दूसरे युवक के घर की तलाशी
जालंधर की फ्रेंड्स कॉलोनी में भी एक युवक के घर एनआईए ने दबिश दी। यहां भी टीम ने कई घंटों तक जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। हालांकि स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसी की ओर से यह नहीं बताया गया कि कार्रवाई किस केस को लेकर की जा रही है।
कोई आधिकारिक बयान नहीं, क्षेत्र में बढ़ी निगरानी
अब तक एनआईए की तरफ से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों क्षेत्रों में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। स्थानीय लोग इसे किसी बड़े केस से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि स्पष्ट जानकारी का अभी इंतजार है।



