National

अचानक फटा बादल – कुछ ही मिनटों में तबाही का ऐसा मंजर कि लोग चीखते हुए घरों में दुबक गए

कुल्लू, 25 जून 2025 : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार को मौसम का कहर देखने को मिला। जिले के तीन अलग-अलग इलाकों – सैंज, गडसा और सोलंग नाला – में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद जीवा नाले में अचानक तेज सैलाब आ गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। तेज बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

राष्ट्रीय राजमार्ग हुआ बंद, मंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके

बादल फटने और भारी बारिश की वजह से कुल्लू जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। बंजार में आयोजित दो सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंचे कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी रास्ता बंद होने के कारण फंस गए हैं। मंत्री धर्माणी को विश्व धरोहर उत्सव-2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था, लेकिन वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए।

आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट पर, लोगों से सतर्क रहने की अपील

राज्य आपदा प्रबंधन के निदेशक डीसी राणा ने जानकारी दी है कि तीन स्थानों पर बादल फटने की पुष्टि हुई है। पार्वती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भले ही अभी तक किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है, फिर भी लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों – कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना और हमीरपुर – में अगले 48 घंटे के लिए भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आपदा से निपटने के लिए दो टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय कर दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button