Punjab

पंजाब कांग्रेस में इस्तीफों का धमाका! आशु के बाद दो दिग्गज नेताओं ने दिया इस्तीफा

लुधियाना, 25 जून 2025 : लुधियाना पश्चिमी उपचुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पंजाब कांग्रेस में इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया है। पार्टी की हार ने आलाकमान के साथ-साथ प्रदेश संगठन में भी असंतोष और आत्ममंथन का माहौल पैदा कर दिया है।

ताज़ा जानकारी के अनुसार, पार्टी के दो वरिष्ठ नेता परगट सिंह और कुशलदीप सिंह ‘किक्की’ ढिल्लों ने कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इनसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशू भी इसी पद से इस्तीफा दे चुके हैं।

हाईकमान को भेजे गए इस्तीफे

सूत्रों के अनुसार, जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह और फरीदकोट से पूर्व विधायक किक्की ढिल्लों ने अपने इस्तीफे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को भेज दिए हैं।

दिलचस्प बात यह है कि किक्की ढिल्लों इस समय ऑस्ट्रेलिया में हैं और उन्होंने ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा भेजा है। हालांकि, अब तक कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता ने इन इस्तीफों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

पार्टी में अंदरूनी घमासान?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उपचुनाव में हार ने कांग्रेस नेतृत्व की रणनीति और संगठनात्मक ढांचे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्यकारी अध्यक्षों के इस्तीफों को पार्टी के भीतर असंतोष और नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

कांग्रेस को झटका, विपक्ष को मौका

जहां यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए झटका है, वहीं विपक्षी दलों ने इस मौके को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने कांग्रेस को “भीतर से खोखला” बताते हुए निशाना साधा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button