
लुधियाना, 20 जून : पंजाब में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते दिन कोरोना से तीसरी मौत दर्ज की गई है। मृतक 82 वर्षीय मरीज लुधियाना जिले का रहने वाला था, जिसे उपचार के लिए ओसवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उल्लेखनीय है कि राज्य में अब तक जिन तीन मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है, वे सभी लुधियाना जिले से संबंधित थे। इसके साथ ही लुधियाना में कोरोना के सबसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। अब तक यहां 61 मरीज मिल चुके हैं, जिनमें से 28 मरीज ठीक हो चुके हैं और 26 मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है। बीते दिन राज्य में कुल 9 नए मरीज सामने आए हैं, जिनमें से 1 मरीज लुधियाना का रहने वाला है। वहीं, जालंधर में 3, मोहाली में 2, और रोपड़, पठानकोट और बरनाला में एक-एक मरीज पाया गया है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन की सतर्कता
लुधियाना में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। अस्पतालों में अलर्ट जारी किया गया है, और लोगों से मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और उचित स्वच्छता का पालन करने की अपील की जा रही है।



