Punjab

ब्रेकिंग: पंजाब के इस ज़िले में कांग्रेस पार्षद के घर पर हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

जालंधर, 20 जून 2025 : पंजाब के जालंधर शहर के पक्का बाग इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ युवकों ने कांग्रेस पार्षद शैरी चड्ढा के घर पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में ईंट-पत्थर और शराब की बोतलों का इस्तेमाल किया गया। हमले की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

गाली-गलौज कर रहे थे युवक, समझाने गए पार्षद पर फेंकी बोतलें और पत्थर

मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक शैरी चड्ढा के घर के बाहर खड़े होकर उन्हें गालियां दे रहे थे और धमकियां दे रहे थे। जब पार्षद शैरी चड्ढा उन्हें समझाने के लिए घर से बाहर निकले, तो युवकों ने अचानक उनके घर के गेट पर बोतलें और ईंटें बरसानी शुरू कर दीं।शैरी चड्ढा ने बताया, “मैं उन्हें समझाने की नीयत से बाहर निकला था, लेकिन वे मुझ पर ही टूट पड़े। उनके पास तेजधार हथियार और एक देसी कट्टा भी था। मोहल्ले के राहुल नामक युवक समेत कुल 5 लोग थे, जिनके खिलाफ पहले से नशे के मामले दर्ज हैं।”

मौके से फरार हुए हमलावर, गली में बिखरी पड़ी थीं बोतलें और ईंटें

शोर सुनकर जब मोहल्ले के लोग बाहर निकले तो युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद की CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी किस तरह भाग रहे हैं और उनके पीछे गली में बोतलें, ईंटें और पत्थर बिखरे पड़े हैं। शैरी चड्ढा ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है।

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, ASI का रवैया निराशाजनक

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे ASI जोगिंदर ने मीडिया से बातचीत में बेहद संकोचपूर्ण और लापरवाही भरा रवैया दिखाया। उन्होंने ना तो स्पष्ट बयान दिया और ना ही अपना नाम बताने को तैयार हुए। ASI ने कहा, “हमें मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे। शैरी चड्ढा द्वारा शिकायत दे दी गई है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी, मोहल्ले में दहशत का माहौल

इस हमले के बाद से इलाके में लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। मोहल्लेवासियों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button