Punjab

पंजाब : Volleyball खिलाड़ी की ह*त्या का मास्टरमाइंड कौन? पुलिस की तफ्तीश में निकली हैरान करने वाली बातें

तरनतारन (पंजाब), 19 जून 2025 : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सिरफिरे सहपाठियों ने वॉलीबॉल खिलाड़ी की तेजधार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान बिबेकबीर सिंह पुत्र शमशेर सिंह, निवासी गांव ठट्टा के रूप में हुई है। हत्या का आरोप जिला पुलिस में तैनात एक थानेदार के नाबालिग बेटे और उसके दो साथियों पर लगा है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों ने इसे पुरानी रंजिश का नतीजा बताया है।

स्कूल के बाहर घात लगाकर किया गया हमला, दिल में घोंपा चाकू

यह वारदात गुरुवार शाम करीब 4 बजे सरहाली कलां दाना मंडी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बिबेकबीर सिंह अपने दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी कुछ सहपाठी नाबालिग वहां पहुंचे। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज हुई, फिर आरोपियों ने अचानक तेजधार हथियार निकाल कर हमला बोल दिया। हमले के दौरान एक चाकू सीधे बिबेकबीर के दिल में जा घुसा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खून से लथपथ हालत में उसे पहले पास के सरकारी अस्पताल, और फिर तरनतारन के गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक जन्मदिन मनाने वाला था, खिलाड़ी बनने का सपना अधूरा रह गया

बिबेकबीर सिंह एक होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी था और जल्द ही उसका जन्मदिन 23 जुलाई को आने वाला था। परिजनों का कहना है कि वह खेलों में काफी रुचि रखता था और भविष्य में सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। उसकी अचानक हुई दर्दनाक मौत ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।

मुख्य आरोपी थानेदार का बेटा, 13 पर केस दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी

थाना सरहाली पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए 3 नाबालिग लड़कों सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक 5 संदिग्धों को राउंडअप किया है और अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि हत्या का मुख्य आरोपी तरनतारन पुलिस में तैनात एक थानेदार का बेटा है, जिसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर यह वारदात की।

परिजनों की मांग: हो निष्पक्ष जांच, दोषियों को मिले कड़ी सजा

बिबेकबीर के परिजनों ने इस हत्या को सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ महीनों पहले स्कूल में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से इन लड़कों ने उसे टारगेट बना लिया था। परिवार ने पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button