
लुधियाना, 6 जून 2025 : पंजाब के लुधियाना में एक घर से चल रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर इस रैकेट से जुड़ी दो महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं लड़कियों को किराये पर सप्लाई कर वेश्यावृत्ति का अवैध धंधा चला रही थीं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
जमालपुर थाना पुलिस गश्त कर रही थी, तभी भामियां कलां इलाके में बंद पड़े एक शराब ठेके के पास एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि पास के एक मकान में लंबे समय से देह व्यापार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चरनजीत कौर और पूजा टुल्ली नाम की महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ लिया।
मकान को बनाया गया था गुप्त अड्डा
आरोपियों में शामिल चरनजीत कौर, गार्डन सिटी, भामियां कलां की रहने वाली है, जबकि पूजा टुल्ली गोविंद नगर, 33 फुटा रोड, मुंडियां कलां की निवासी है। ये महिलाएं अपने निजी मकान का इस्तेमाल सेक्स रैकेट चलाने के लिए कर रही थीं और ग्राहकों को लड़कियां किराये पर भेजी जा रही थीं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। थाना जमालपुर की टीम इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और कब से यह गोरखधंधा चल रहा था।



