
लुधियाना, 24 मई- थाना जोधेवाल पुलिस ने लुधियाना में जहरीली शराब पीने से हुई तीन मौतों के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शराब के ठेके पर काम करने वाले दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 422 बोतल शराब बरामद की गई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई अनिल कुमार काला, निवासी संन्यास नगर की शिकायत पर की गई। शिकायत में बताया गया था कि शराब पीने के बाद रिंकू, देबी और मंगू नामक तीन लोगों की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शराब ठेके से ली गई थी शराब, वहीं काम करते थे आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ओंकार सिंह निवासी हिमाचल प्रदेश और सुशील कुमार निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी उसी ठेके पर काम करते थे, जहां से मृतकों ने शराब खरीदी थी।
पुलिस कर रही है शराब की लैब जांच
इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जब्त की गई शराब नकली थी या उसमें किसी तरह का ज़हरीला केमिकल मिलाया गया था।



