National

हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने को तैयार: हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, कुछ जिलों में बारिश के आसार

जसविंदर सिंह संधू

चंडीगढ़, 23 मई: हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। जहां एक ओर बीते दिनों की बारिश ने तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज करवाई, वहीं अब फिर से गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने शुक्रवार को राज्य के छह जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ जिलों में बारिश की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में हीटवेव का कहर:
मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, भिवानी और महेंद्रगढ़ जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक और जींद में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लोगों को लू से बचने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में हो सकती है बारिश:
पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल और करनाल जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। 23 से 26 मई के बीच चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में 25% तक बारिश का पूर्वानुमान है।

24 और 25 मई को इन जिलों पर नजर:
24 मई को यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की बारिश हो सकती है। 25 मई को भी मौसम में बदलाव की संभावना है।

तापमान में फिर बढ़ोतरी की चेतावनी:
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और धूल-आंधी चलने की भी आशंका है। 25 मई के बाद गर्मी और बढ़ सकती है, जिससे किसानों को अपनी फसलों और बागवानी की सिंचाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

मानसून की आहट:
हरियाणा में आमतौर पर 20 जून के आसपास प्री-मानसून की शुरुआत होती है, लेकिन फिलहाल मौसम की यह ऊलटफेर आम जनजीवन और किसानों दोनों के लिए सतर्क रहने का संकेत है।

सलाह:
लोगों को दिन के समय बाहर निकलते समय धूप से बचाव, पानी की पर्याप्त मात्रा लेना और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button