Punjab

श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! हेमकुंट साहिब यात्रा की तैयारियां पूरी, इस दिन रवाना होगा पहला जत्था

चंडीगढ़, 20 मई  2025 : उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थल श्री हेमकुंट साहिब की पवित्र यात्रा इस साल 25 मई से शुरू होने जा रही है। इससे पहले 22 मई को पंच प्यारे की अगुवाई में पहला जत्था रवाना किया जाएगा, जो यात्रा की विधिवत शुरुआत का संकेत होगा।

सेना पहुंची गोविंदघाट, रास्ता साफ करने का काम शुरू

यात्रा से पहले बर्फ हटाने और रास्तों को दुरुस्त करने के लिए भारतीय सेना की टीम गुरुद्वारा गोविंदघाट पहुंच चुकी है। टीम ने वहां बर्फ साफ करने और रास्ता खोलने का कार्य शुरू कर दिया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद

हेमकुंट साहिब यात्रा की गरिमा और धार्मिक महत्व को देखते हुए उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एस. गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कई मंत्री, संत और अन्य विशिष्ट अतिथि गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब परिसर, ऋषिकेश में आयोजित समारोह में भाग लेंगे।

15 हजार फीट की ऊंचाई पर है गुरुद्वारा साहिब

गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं और मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

बर्फीले और दुर्गम रास्तों के चलते यहां हर साल सीमित समय के लिए ही यात्रा संभव होती है। ऐसे में यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए सेना, प्रशासन और ट्रस्ट की टीम लगातार काम में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button