National

नूंह:  एक और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, भारतीय सैन्य जानकारी लीक करने का आरोप

नूंह, 19 मई: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के नूंह जिले से एक और पाकिस्तानी जासूस की गिरफ्तारी हुई है। हरियाणा पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तावडू उपमंडल के गांव कांगरका से मोहम्मद तारीफ को हिरासत में लिया है। इससे पहले भी नूंह से अरमान नामक जासूस की गिरफ्तारी हो चुकी है।

तारीफ कौन है?

मोहम्मद तारीफ नूंह जिले के कांगरका गांव का निवासी है। वह पांच भाइयों में दूसरे नंबर का है और उसका ससुराल दिल्ली के चांदनहोला में स्थित है। तारीफ की शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि वह अंसल फार्म हाउस के पास एक झोलाछाप चिकित्सक के रूप में क्लिनिक चलाता था, जहां मजदूर वर्ग के लोग इलाज के लिए आते थे।

गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद तारीफ पर आरोप है कि वह व्हाट्सएप के जरिए भारतीय सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात दो कर्मचारियों—आसिफ बलोच और जाफर—को भेज रहा था। नूंह पुलिस ने भारतीय दंड संहिता, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 और देशद्रोह की धाराओं के तहत मोहम्मद तारीफ, आसिफ बलोच, और जाफर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

हरियाणा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तारीफ लंबे समय से भारतीय सेना और डिफेंस तैयारियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेज रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि तारीफ लोगों को पाकिस्तान जाने के लिए वीजा दिलवाने में भी मदद करता था। इसके बाद विशेष पुलिस बल, केंद्रीय जांच एजेंसी, तावडू सीआईए और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रविवार देर शाम उसे गांव बावला राधा स्वामी सत्संग के पास से गिरफ्तार किया।

संदिग्ध चैटिंग मिली, मोबाइल जब्त

पुलिस ने मोहम्मद तारीफ का मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसमें संदिग्ध चैटिंग और गोपनीय सूचनाओं का लेन-देन होने के सबूत मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन चैट्स की गहनता से जांच कर रही हैं।

जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई

तारीफ की गिरफ्तारी के बाद से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आस-पास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button