National

हरियाणा में प्रचंड गर्मी का कहर: पारा 43 डिग्री पार, हीटवेव ने बढ़ाई मुश्किलें

जसविंदर सिंह संधू

चंडीगढ, 28 अप्रैल। हरियाणा में इन दिनों गर्मी का प्रचंड प्रहार जारी है। आसमान से मानो आग बरस रही है और प्रदेश के कई शहरों में तापमान ने 43 डिग्री सेल्सियस की लक्ष्मण रेखा भी पार कर ली है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। लोगों के सिर से टप-टप पसीना बह रहा है और कहीं से भी राहत की खबर नहीं आ रही।

हरियाणा के शहरों में तापमान का हाल:

रोहतक: 43 डिग्री सेल्सियस

हिसार: 42.7 डिग्री सेल्सियस

सिरसा: 42.2 डिग्री सेल्सियस

पलवल: 42.2 डिग्री सेल्सियस

चंडीगढ़: 41.5 डिग्री सेल्सियस

अंबाला: 41.4 डिग्री सेल्सियस

रोहतक में सर्वाधिक तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं हिसार और सिरसा जैसे शहर भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। चंडीगढ़ और अंबाला में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है।

लोग गर्मी से बेहाल, सड़कों पर सन्नाटा

गर्मी से बचने के लिए लोग दिन के समय घरों में कैद हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और मुंह ढककर निकल रहे हैं। छाते, स्कार्फ और पानी की बोतलें अब हर किसी की जरूरत बन गई हैं। स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी खुद को पूरी तरह ढंककर ही बाहर निकल रहे हैं।

लोगों का कहना है कि एसी और कूलर भी इस भीषण गर्मी के सामने बेअसर साबित हो रहे हैं। जो लोग मजबूरी में बाहर निकलते हैं, वे जूस, नींबू पानी या अन्य ठंडे पेय का सहारा लेकर खुद को लू से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हीटवेव के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर दोपहर के समय वीरानी छाई रहती है और बाजारों में भी रौनक कम दिख रही है।

सावधानी जरूरी

विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि हीटवेव से बचने के लिए बिना जरूरत के घर से बाहर न निकलें, शरीर को ढककर रखें, लगातार पानी पीते रहें और धूप से सीधे संपर्क से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button