Punjab

फरीदकोट में जमीनी विवाद के चलते बहन व जीजा की हत्या

फरीदकोट, 28 मार्च-फरीदकोट के गांव कानियांवाली में बीमार चल रहे पिता की पुश्तैनी जमीन जायदाद के विवाद में एक युवक ने अपनी बहन व बहनोई को तेजधार हथियारों से काट डाला जिसके चलते दोनों की ही मौके पर मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने थाना सादिक में केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू करते हुए घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव कानियांवाली में गमदुर सिंह के बेटे अर्शप्रीत सिंह और मोगा में विवाहित बेटी हरप्रीत कौर के बीच पिता की पुश्तैनी जमीन जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था और बताया जा रहा है बहन हरप्रीत कौर द्वारा जमीन में हिस्से की मांग की जा रही थी। इन दिनों गमदूर सिंह खुद गंभीर रूप से बीमार होने की वजह से बिस्तर पर है। उनकी सेवा करने के लिए हरप्रीत कौर अपने पति रेशम सिंह के साथ मोगा से अपने मायके गांव में आई हुई थी। दोनों भाई बहनों के बीच वीरवार रात एक बार फिर जमीन जायदाद को लेकर कहासुनी हुई थी जिसके बाद शुक्रवार सुबह अर्शप्रीत सिंह ने तेजधार हथियारों से वार करते हुए कमरे में सो रही अपनी बहन हरप्रीत कौर और उसके पति रेशम सिंह की हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद फरीदकोट के एसपी जसमीत सिंह, डीएसपी त्रिलोचन सिंह, थाना सादिक के एसएचओ नवदीप सिंह समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि गमदूर सिंह के पास करीब 8 एकड़ जमीन है और अर्शप्रीत सिंह को आशंका थी कि उसके पिता जमीन का हिस्सा उसकी बहन हरप्रीत कौर के नाम करवा सकते हैं और इसके चलते ही उसने अपनी बहन और बहनोई की हत्या कर डाली।इस मामले में एसपी जसमीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की है। प्राथमिक पड़ताल में सामने आया है कि परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी और घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button