National

सिरसा के भंभूर गांव के स्कूल में हंगामा: बाल कटवाने पर टीचर से विवाद, परिजनों ने स्कूल में घुसकर की मारपीट, वीडियो वायरल

सिरसा, 25 मई: हरियाणा के सिरसा जिले के गांव भंभूर में सनराइज इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को बड़ा विवाद उस समय खड़ा हो गया, जब 9वीं कक्षा के एक छात्र के बालों को लेकर टोका-टाकी परिजनों को नागवार गुजरी और वे गुस्से में स्कूल पहुंच गए। परिजनों ने स्कूल टीचर पर लात-घूंसों और लोहे की कुर्सी से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

टीचर ने कहा था, बाल ठीक से कटवाकर आओ
स्कूल की प्रिंसिपल अरुणा कुमारी ने बताया कि 9वीं कक्षा का छात्र अजीब सी हेयरस्टाइल में स्कूल आया था। क्लास टीचर सुनील कुमार ने उसे समझाया कि ठीक ढंग से बाल कटवाकर आओ। छात्र उस समय तो कुछ नहीं बोला, लेकिन घर जाकर परिजनों को इस बारे में बताया।

तीन बाइक पर पहुंचे परिजन, क्लास में घुसकर टीचर को पीटा
प्रिंसिपल के अनुसार, छात्र के पिता पवन कुमार, उनके साथी कमल कुमार, मोहित कुमार, मुकेश कुमार और रामकुमार तीन बाइकों पर स्कूल पहुंचे और सीधे क्लासरूम में घुस गए। क्लास ले रहे सुनील कुमार पर हमला कर दिया। आरोप है कि लात-घूंसे मारने के बाद मोहित कुमार ने क्लास में रखी लोहे की कुर्सी उठाकर टीचर को मारी।

अन्य टीचरों और महिला स्टाफ के साथ भी मारपीट
शोर सुनकर स्कूल संचालक रमेश कुमार और अन्य टीचर मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। बीच-बचाव करने आईं महिला टीचर्स गीता, किरण और मीनू के साथ भी हाथापाई की गई। घटना में कई टीचर घायल हुए, जिनका इलाज माधोसिंधाणा सरकारी अस्पताल में करवाया गया।

छात्र का नाम काटा, निजी स्कूलों में नहीं मिलेगा दाखिला
हंगामे के बाद स्कूल प्रशासन ने छात्र को स्कूल से निकाल दिया है। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने बैठक कर फैसला लिया कि इस छात्र को किसी भी प्राइवेट स्कूल में दाखिला नहीं दिया जाएगा।

संरक्षक का बयान: ऐसा व्यवहार निंदनीय, सख्त कार्रवाई हो
सर्व विद्यालय संघ के संरक्षक भारत भूषण ने कहा कि एक शिक्षक के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। अगर कोई शिकायत है तो स्कूल प्रबंधन से की जाए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी का बयान: 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सदर थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि प्रिंसिपल की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बच्चे के बालों को लेकर टीचर द्वारा टोके जाने पर यह विवाद हुआ। जांच की जा रही है, दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्कूलों में भय का माहौल बन गया है और शिक्षक वर्ग में रोष है। सभी की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button