Punjab

पंचकूला फायरिंग कांड पर डीसीपी सृष्टि गुप्ता की प्रेस कॉन्फ्रेंस: हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले का नाम आया सामने, गैंगवार नहीं आपसी रंजिश

पंचकूला, 6 जून 2025 वीरवार देर रात पंचकूला के पिंजौर स्थित अमरावती मॉल के बाहर हुई गोलीबारी की घटना पर शुक्रवार को पंचकूला की पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस फायरिंग में नौलटा निवासी सोनू नौलटा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रिंस राणा गंभीर रूप से घायल हो गया था। फिलहाल प्रिंस पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती है और उसकी हालत अब स्थिर है।

तफ्तीश के लिए गठित की गई विशेष टीमें
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए डीसीपी क्राइम अमित दहिया की निगरानी में तीन टीमें बनाई गई हैं। घटनास्थल से 12 खोखे बरामद हुए हैं और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल लिए गए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा चुकी है।

हमले के बाद वायरल वीडियो से मिले सुराग
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना के तुरंत बाद एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस वीडियो में हथियारों के साथ नजर आने वाला युवक पीयूष पिपलानी बताया गया है। साथ ही उसका एक साथी भी वीडियो में नजर आ रहा है। घायल प्रिंस राणा ने भी पीयूष पिपलानी की पहचान की पुष्टि की है।

लॉरेंस बिश्नोई का नाम आया सामने, पुलिस ने दी सफाई
वायरल वीडियो में हमलावर द्वारा कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का नाम लिए जाने के बारे में पूछे जाने पर डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि इस पहलू पर जांच जारी है, लेकिन फिलहाल इसे गैंगवार मानने का कोई ठोस आधार नहीं है।

पुरानी दोस्ती, अब दुश्मनी में बदली
डीसीपी ने बताया कि मृतक सोनू नौलटा और आरोपी पीयूष पिपलानी पहले एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे। वे कई व्यवसायों में साझेदार भी रहे हैं और घटना से दो दिन पहले तक दोनों साथ देखे गए थे। ऐसे में प्राथमिक जांच में यह मामला गैंगवार की बजाय आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।

दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार मृतक सोनू और आरोपी पीयूष – दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में तेजी से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रियता और जांच के चलते जल्द खुलासा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button