Punjab

पंजाब के इस IELTS सेंटर में चलीं गोलियां, दिनदहाड़े हमला – लोग दहशत में भागे

बटाला (पंजाब), 6 जून : शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके हंसली पुल के पास शुक्रवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब कुछ युवकों ने एक IELTS सेंटर में घुसकर वहां बैठे दो लोगों पर हमला कर दिया। पहले बहस शुरू हुई और फिर देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक मामला पहुंच गया। हमलावर युवक वाइब्रेंज IELTS सेंटर में दाखिल हुए और मालिकों पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग भी हुई, लेकिन झड़प के दौरान आरोपी युवक सेंटर मालिक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर फरार हो गए।

दो दिन पुरानी रंजिश बनी वजह

IELTS सेंटर के मालिक दीपक कुमार और बलजिंदर सिंह ने बताया कि दो दिन पहले स्कूटर पार्किंग को लेकर कुछ युवकों से मामूली कहासुनी हुई थी। युवकों ने स्कूटी सेंटर की निजी पार्किंग में खड़ी कर दी थी, जिसे काफी देर बाद तक नहीं उठाया गया। जब वो स्कूटी लेने आए तो उन्हें वापस सौंप दी गई, लेकिन उसी बात को लेकर आज सेंटर पर हमला कर दिया गया।

अंदर घुसते ही की मारपीट और फायरिंग

दीपक और बलजिंदर के मुताबिक, वे सेंटर में काम कर रहे थे तभी 4-5 युवक अचानक अंदर घुसे। उन्होंने गालियां देनी शुरू की और मारपीट पर उतर आए। हमलावरों ने गोली चलाई, जिसके जवाब में दीपक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर किया। इसी दौरान छीना-झपटी में हमलावर उनकी पिस्टल भी छीन ले गए।

CCTV में कैद हुई वारदात

घटना की CCTV फुटेज भी सामने आ गई है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है। IELTS सेंटर के साथ ही एक रेस्टोरेंट और मुख्य सड़क है, जहां आमतौर पर काफी भीड़ रहती है। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग सहम गए। पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

थाना सिटी के इंचार्ज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि IELTS सेंटर में फायरिंग हुई है। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button