
तरनतारन, 3 जून 2025 : पंजाब पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस विंग और तरनतारन जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देश विरोधी साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। मोहल्ला रोडूपुर, गली नजर सिंह वाली निवासी गगनदीप सिंह उर्फ गगन को गिरफ्तार किया गया है। उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और खालिस्तानी तत्वों के इशारे पर सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां साझा करने का गंभीर आरोप है।
सेना की तैनाती और रणनीति की सूचनाएं भेजता था पाकिस्तान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गगनदीप “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भारतीय सेना की गतिविधियों, तैनाती से संबंधित जानकारियां और रणनीतिक ठिकानों की संवेदनशील सूचनाएं ISI एजेंटों तक पहुंचा रहा था। इन जानकारियों के लीक होने से देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
पांच साल से ISI एजेंट्स के संपर्क में था आरोपी
जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गगनदीप पिछले पांच वर्षों से पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था। चावला के जरिए ही उसकी पहचान ISI के PIO (Pakistan Intelligence Operative) से करवाई गई थी। आरोपी को भारतीय बैंकिंग माध्यमों से भुगतान भी किया गया, जो सीधे पाकिस्तान स्थित एजेंटों द्वारा ट्रांसफर किए गए।
मोबाइल फोन से मिले 20 से ज्यादा संदिग्ध ISI संपर्क
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने गगनदीप के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शुरुआती जांच में फोन से 20 से अधिक संदिग्ध ISI संपर्कों की जानकारी मिली है। माना जा रहा है कि यही डिवाइस सेना से जुड़ी जानकारियों को साझा करने का मुख्य जरिया था।
तकनीकी और वित्तीय जांच जारी, जल्द हो सकते हैं और खुलासे
पुलिस की तकनीकी टीम मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कर रही है, जबकि वित्तीय लेन-देन की भी गहन पड़ताल की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह मामला एक बड़े जासूसी नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिसमें और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं।
गोपनीयता कानून के तहत FIR, गहन जांच जारी
गगनदीप सिंह के खिलाफ पीएस सिटी तरनतारन में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) के तहत केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी चेहरे सामने आ सकते हैं।
पंजाब पुलिस का बयान: “राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई”
पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है, “हमारे देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। राष्ट्रविरोधी तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”



