Himachal Breaking: जगातखाना में बादल फटने से तबाही, 15 वाहन बहे; आठ जिलों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट जारी

रामपुर/शिमला, 25 मई 2025 : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड ब्लॉक स्थित जगातखाना में शनिवार शाम बादल फटने से भारी तबाही मची। नाले में अचानक आई बाढ़ से मलबा सड़कों पर आ गया, जिससे किनारे खड़ी करीब 15 गाड़ियां बहकर सतलुज नदी में समा गईं। रामपुर उपमंडल में भी कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई, जिससे सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ज्योति राणा ने पुष्टि की कि यह घटना कुल्लू जिले के अंतर्गत हुई है। रामपुर क्षेत्र में भारी बारिश से तीन सड़कें अवरुद्ध हो गई थीं, जिन्हें देर रात तक बहाल कर दिया गया। इस बीच चंबा के पांगी और भरमौर की ऊंची चोटियों, साथ ही रोहतांग दर्रे में ताजा बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला, कुल्लू, लाहौल, चंबा और धर्मशाला में भी बारिश दर्ज की गई, जबकि मैदानी जिलों में मौसम साफ रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कोकसर घाटी, बंजार और आनी में भी बारिश से रबी की फसल की कटाई और लहसुन निकालने का काम प्रभावित हुआ। कांगड़ा जिले में दोपहर तीन बजे के आसपास धर्मशाला, देहरा, पालमपुर समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार को आठ जिलों — शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति — में बारिश और तेज अंधड़ की चेतावनी जारी की है। 28 मई तक इन क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।



