Punjab

BBC की मूसेवाला Documentary पर नया विवाद : परिवार की रोक की मांग के बावजूद Youtube पर रिलीज

मानसा, 11 जून 2025 : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर बनी BBC वर्ल्ड सर्विस की डॉक्यूमेंट्री को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मूसेवाला के परिवार ने अदालत और प्रशासन से डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन BBC ने बुधवार सुबह 5 बजे यह डॉक्यूमेंट्री दो हिस्सों में यूट्यूब पर रिलीज कर दी।

परिवार ने जताया विरोध, अदालत में याचिका दायर

बता दे कि सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने मानसा अदालत में याचिका दायर कर डॉक्यूमेंट्री की रिलीज और स्क्रीनिंग पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने महाराष्ट्र के डीजीपी और मुंबई पुलिस को भी पत्र लिखकर स्क्रीनिंग रोकने की अपील की थी। बलकौर सिंह का आरोप है कि डॉक्यूमेंट्री में उन लोगों के इंटरव्यू दिखाए गए हैं जिनका नाम एफआईआर में है, जिससे चल रही कानूनी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। साथ ही, उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री उनकी इजाजत के बिना बनाई गई और इसमें कई तथ्यात्मक गलतियां और भ्रामक बातें भी हैं, जो उनके बेटे की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

BBC ने जारी की डॉक्यूमेंट्री, यूट्यूब पर मचा हड़कंप

परिवार के विरोध और कानूनी कार्रवाई के बावजूद BBC ने यह डॉक्यूमेंट्री यूट्यूब पर रिलीज कर दी। पहले इसकी स्क्रीनिंग मुंबई के एक सिनेमा हॉल में भी होनी थी, लेकिन विवाद के कारण इसे केवल यूट्यूब पर ही जारी किया गया। डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला के दोस्तों, पत्रकारों, पंजाब और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के इंटरव्यू के साथ-साथ मुख्य आरोपी गोल्डी बराड़ का ऑडियो इंटरव्यू भी शामिल है।

अदालत में सुनवाई गुरुवार को

मानसा अदालत ने बलकौर सिंह की याचिका पर सुनवाई गुरुवार के लिए तय की है। परिवार का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री में बिना अनुमति के निजी और संवेदनशील जानकारी दिखाई गई है, जो न सिर्फ कानूनी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, बल्कि परिवार की निजता और सिद्धू मूसेवाला की छवि को भी नुकसान पहुंचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button