पंजाब हरियाणा जल विवाद : पानी पर सियासी संग्राम तेज, हाईकोर्ट की फटकार से हरियाणा को लगा झटका

जसविंदर सिंह संधू
चंडीगढ़, 14 मई- पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे दशकों पुराने पानी विवाद को लेकर आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक अहम सुनवाई हुई। यह सुनवाई पंजाब सरकार की ओर से दाखिल की गई समीक्षा याचिका पर हुई, जिसमें जल बंटवारे को लेकर आपत्तियां दर्ज की गई थीं। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार और भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) को नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा है कि हरियाणा को आखिर अतिरिक्त पानी की जरूरत क्यों है। अदालत ने स्पष्ट किया कि हरियाणा और BBMB दोनों को इस संबंध में विस्तृत स्पष्टीकरण देना होगा।
AAP ने किया समर्थन, कहा – पंजाब का हक नहीं जाने देंगे
इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ताओं ने कहा कि पंजाब का जल अधिकार किसी को नहीं लेने दिया जाएगा और हर मंच पर इस अधिकार की रक्षा की जाएगी।
AAP ने हाईकोर्ट की कार्रवाई को “पंजाब के हित में उठाया गया निर्णायक कदम” करार देते हुए कहा कि अब यह मुद्दा निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रहा है।
अब 20 मई को अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 मई की तारीख तय की है। माना जा रहा है कि यह सुनवाई पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे जल विवाद को लेकर भविष्य की कानूनी दिशा को तय कर सकती है।



