
कुल्लू, 28 जून, 2025ः कुल्लू जिला के बिहाली गांव में बादल फटने के बाद से लापता 14 साल की मूर्ति देवी का बक्शाल में आज सुबह शव देखा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कुल्लू की तीर्थन घाटी में शुक्रवार को भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। धर्मशाला के खनियारा में 6 शव मिल चुके हैं। इसी के साथ बुधवार की आपदा में मरने वालों का आंकड़ा 8 हो गया है। कुल्लू के बिहाली गांव के 2 और खनियारा में अभी भी 4 मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। इनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। ये लोग बुधवार को बादल फटने के बाद आई बाढ़ में बह गए थे। आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में तेज बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है। कल यानी रविवार को 6 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई। चंबा, कुल्लू, शिमला और मंडी के कुछेक भागों में भी तेज बारिश हो सकती है।



