Punjab

युद्ध नशे विरुद्ध’ के तहत पंजाब में सबसे बड़ी रेड: मजीठिया के घर समेत 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

जसविंदर सिंह संधू

चंडीगढ़, 25 जून 2024 : पंजाब में चल रहे ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत आज अब तक की सबसे बड़ी रेड कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस और विजिलेंस ब्यूरो की संयुक्त टीमों ने पूरे राज्य में कुल 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है, जिनमें से अमृतसर में ही 9 जगहों को टारगेट किया गया है।

इस अभियान की सबसे बड़ी खबर यह है कि शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर भी रेड डाली गई है। विजिलेंस की टीम ने सुबह-सवेरे उनके घर पहुंचकर बारीकी से तलाशी ली, जिसमें घर के बाहरी हिस्सों से लेकर अंदर के कमरों तक गहन जांच की गई।

नशा कारोबार और ड्रग मनी की तलाश

सूत्रों की मानें तो यह छापेमारी सीधे तौर पर नशा तस्करी और ड्रग मनी से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है। ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ नाम से चल रहे इस विशेष अभियान के तहत यह पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर राज्यभर में एक साथ रेड की गई है।

जांच में और बड़े नाम आ सकते हैं सामने

पुलिस और विजिलेंस अधिकारियों ने इस बारे में कोई औपचारिक बयान तो नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कुछ प्रभावशाली नामों की भूमिका की जांच की जा रही है, और आने वाले समय में और भी बड़ी कार्रवाई संभव है। इस रेड को लेकर प्रदेश की राजनीति में गर्मी आना तय माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button