Punjab

पंजाब : अंधेरे में डूबा अमृतसर का ये इलाका, ट्रांसफार्मर में आग से मची अफरा-तफरी

अमृतसर, 23 मई 2025 : अमृतसर। नमक मंडी चौक स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर के पास बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंग्रेजों के समय से लगे 400 KVA के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। रात करीब 11:15 बजे ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं और एक जोरदार धमाके के बाद उसमें भीषण आग भड़क उठी। आग लगने की सूचना मिलते ही पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के जेई मौके पर पहुंचे और इलाके की बिजली सप्लाई तुरंत काट दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया।

ढाबा मालिकों ने दी तुरंत सूचना

पास ही ढाबा चला रहे नरेश कुमार और राकेश कुमार ने बताया कि वे रात को ढाबा बंद कर घर जाने की तैयारी में थे, तभी तेज आंधी के साथ ट्रांसफार्मर से तेज आवाज आई और आग की लपटें दिखीं। उन्होंने फौरन फायर ब्रिगेड को कॉल किया और लोगों के साथ मिलकर रेत डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की।

पुराने ट्रांसफार्मर की वजह से हादसा

मौके पर पहुंचे टुंडा तालाब के सब-डिवीजन अफसर बलजीत सिंह ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर अंग्रेजों के समय का है और आज के समय में ऐसे ट्रांसफार्मर बनना बंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर को तुरंत बदला जा रहा है।

वैकल्पिक व्यवस्था से बहाल की गई बिजली

पीएसपीसीएल की टीम ने पास के एक अन्य ट्रांसफार्मर पर लोड शिफ्ट कर इलाके में बिजली सप्लाई बहाल कर दी। गुरुवार देर शाम तक कर्मचारी नया ट्रांसफार्मर लगाने के कार्य में जुटे रहे। आग लगने की वजह से पूरा इलाका काफी देर तक अंधेरे में डूबा रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button