पंचकूला में एक ही परिवार के सात लोगों की सामूहिक आत्महत्या से सनसनी
कर्ज के बोझ तले दबे परिवार ने जहर खाकर दी जान, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

पंचकूला, 27 मई। मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर और देश को झकझोर कर रख दिया। सेक्टर-27 के एक मकान में रहने वाले प्रवीण मित्तल नामक शख्स ने अपनी पत्नी, माता-पिता और तीन बच्चों समेत पूरे परिवार के साथ कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मामला तब सामने आया जब पार्किंग एरिया में खड़ी कार से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने ध्यान दिया। चश्मदीदों ने बताया कि कार में सभी लोग बेसुध पड़े थे, जबकि कार चालक प्रवीण मित्तल खुद गाड़ी से नीचे बैठा था। उसने बताया कि उस पर बहुत कर्ज है और पूरे परिवार ने जहर खा लिया है। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने में 45 मिनट की देरी हुई। सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने कहा कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्या है मामला?
प्रवीण मित्तल मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला का रहने वाला था। उसने पंचकूला में स्क्रैप फैक्ट्री लगाई थी, लेकिन बिजनेस में घाटा होता गया। बैंक और निजी लेनदारों से लिए गए करीब 20 करोड़ रुपये के कर्ज के चलते उसकी संपत्तियां जब्त हो गईं। इस दबाव के चलते वह परिवार समेत देहरादून शिफ्ट हो गया, जहां वह कैब चलाने लगा।
हाल ही में प्रवीण अपनी पत्नी, माता-पिता और बच्चों के साथ ससुराल पंचकूला आया था और सेक्टर-27 में किराए के मकान में रह रहा था।
भतीजे ने जताई हत्या की आशंका
प्रवीण मित्तल के भतीजे अंकित मित्तल ने कहा, “अगर कर्ज की वजह से जान देनी थी तो तब दे देते जब उन पर कर्ज चढ़ा था। अब तो उनकी संपत्ति और कार सब जब्त हो चुकी थी। देनदारों ने भी उन पर कोई दबाव नहीं बनाया था।”
परिजनों ने पुलिस से सुसाइड नोट की मांग की है और कहा कि इसके मिलने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
प्रवीण के ससुर का बयान
प्रवीण मित्तल की पत्नी रीना मित्तल के पिता ने कहा, “हमें नहीं पता था कि वो किस हालात से गुजर रहे थे। वो बागेश्वर धाम के दर्शन करने के बाद लौटे थे। थोड़ी परेशानी थी, लेकिन हमने जो संभव था, मदद की।”
हत्या या आत्महत्या – पुलिस जांच जारी
पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है – कहीं किसी ने उन्हें जबरन जहर तो नहीं दिया? क्या परिवार किसी और मानसिक दबाव में था? क्या यह आत्महत्या है या हत्या का कोई साजिशन प्रयास? पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी। पंचकूला की इस दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर दिया है। पड़ोसियों और जानने वालों के मुताबिक प्रवीण का परिवार सामाजिक रूप से सामान्य था और हाल ही में किसी तनाव का संकेत नहीं मिला था। ऐसे में यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है।



