Punjab

एयर इंडिया हादसे में फरीदाबाद की खुशबू की मौत, लंदन में पति से मिलने जा रही थी पहली बार

फरीदाबाद/अहमदाबाद, 14 जून 2025: अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई। इस भीषण हादसे में फरीदाबाद के सेक्टर-22 स्थित बीकानेर स्वीट्स के मालिक मदन सिंह राजपुरोहित की बेटी खुशबू की भी जान चली गई। इस हादसे में केवल एक व्यक्ति जीवित बचा है, जिसका इलाज चल रहा है।

 पति से मिलने जा रही थी खुशबू, पहली बार विदेश यात्रा थी

मदन सिंह की बेटी खुशबू की शादी राजस्थान निवासी डॉक्टर विपुल से हुई थी, जो लंदन में डॉक्टर हैं। शादी के बाद वीज़ा की प्रक्रिया लंबी खिंचने के कारण खुशबू भारत में ही थी। हाल ही में जब उसका वीजा लग गया, तो पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

यह खुशबू की पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा थी और वह पहली बार पति से मिलने लंदन जा रही थी। वह नई जिंदगी की शुरुआत के सपने लेकर रवाना हुई थी, लेकिन किस्मत ने यह सपना पूरा नहीं होने दिया।

 एयरपोर्ट पर पिता के साथ खिंचाई आखिरी तस्वीर

खुशबू को एयरपोर्ट तक छोड़ने उसके पिता मदन सिंह स्वयं गए थे। बेटी के साथ एयरपोर्ट पर उन्होंने एक आखिरी फोटो भी खिंचवाई। परिजन अभी इस विश्वास से बाहर नहीं निकल पा रहे कि कुछ ही मिनटों बाद वही फ्लाइट हादसे का शिकार हो जाएगी और बेटी की हमेशा के लिए विदाई हो जाएगी।

 घर में मातम, मोहल्ले में शोक की लहर

विमान हादसे की सूचना मिलते ही राजपुरोहित परिवार में मातम छा गया। माँ और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर है। पड़ोसी और परिचितों का तांता मदन सिंह के घर पर लगा हुआ है।

एक बेटी, जो ज़िंदगी की नई उड़ान भरने निकली थी, उसकी उड़ान चंद मिनटों में मौत की मंज़िल पर थम गई।
यह हादसा न सिर्फ एक परिवार की उम्मीदें तोड़ गया, बल्कि पूरे फरीदाबाद शहर को भी गहरे सदमे में डाल गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button