
नई दिल्ली, 16 मई 2025 : केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात दिल्ली स्थित पीएम आवास पर हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच पंजाब के विकास से लेकर हालिया अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत हुई। बिट्टू ने इस मौके पर प्रधानमंत्री को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पीएम मोदी ने चुनौतीपूर्ण हालात में भी देश का नेतृत्व मजबूती से किया, वह काबिले-तारीफ़ है। “यह सिर्फ एक राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि हर भारतीय के आत्मसम्मान की जीत है,” बिट्टू ने सोशल मीडिया पर लिखा।
गुरु नानक की शिक्षाओं की पुस्तकें भेंट कीं
मुलाकात के दौरान बिट्टू ने प्रधानमंत्री को दो किताबें भी भेंट कीं, जो सिख धर्म के मूल सिद्धांतों और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें ‘भारत की आध्यात्मिक धरोहर’ का प्रतीक हैं।
पंजाब के विकास पर भी हुई चर्चा
बिट्टू ने बताया कि उन्होंने पंजाब से जुड़े कई अहम मसलों पर प्रधानमंत्री से चर्चा की, जिनमें बुनियादी ढांचे का विकास, युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर और किसानों की समस्याएं प्रमुख रहीं। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार पंजाब के सर्वांगीण विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



