Punjab

AAP विधायक की गिरफ्तारी पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का बयान, पढ़ें क्या कहा

जसविंदर सिंह संधू

चंडीगढ़, 24 मई  2025 : आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा की विजिलेंस द्वारा गिरफ्तारी के बाद पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार करने वाला चाहे किसी भी पार्टी का क्यों न हो, उसे जेल जाना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी पार्टी की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अपनाया गया है। वित्त मंत्री चीमा ने कहा, “कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी ने सालों तक पंजाब को भ्रष्टाचार से लदा रखा, लेकिन अब समय बदल चुका है। पंजाब की जनता ने हमें बहुमत इसीलिए दिया है कि हम सिस्टम से भ्रष्टाचार खत्म करें। अगर कोई आप का नेता भी भ्रष्टाचार करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।”

आप’ सरकार का सख्त संदेश

चीमा ने कहा कि यह गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी अपने वादों पर कायम है और अपने नेताओं को भी बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने यह भी दोहराया कि पंजाब सरकार की प्राथमिकता ईमानदारी और पारदर्शिता है, और इसी राह पर राज्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पार्टी के भीतर से भी उठ रही हैं आवाजें

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो नेता भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। यही वजह है कि इससे पहले भी पार्टी ने अपने ही नेताओं पर कार्रवाई की है और अब रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी उसी कड़ी का हिस्सा है।

जनता को दिया भरोसा

हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब की जनता का विश्वास बनाए रखना ही सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। “हमारी पार्टी राजनीति में ईमानदारी की नई मिसाल कायम कर रही है और आने वाले समय में इससे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button