
जसविंदर सिंह संधू
चंडीगढ, 25 मई- शनिवार को दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश और तूफान ने तबाही मचाई। फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। फतेहाबाद में सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात ठप हो गया। अंबाला में भी बारिश और आंधी के कारण जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार रात को पाकिस्तान की ओर से आए तूफान के असर के चलते हरियाणा के 16 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और कैथल सहित कई जिले शामिल हैं। रविवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पानीपत में सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन हरियाणा में मौसम का मिश्रित असर देखने को मिलेगा। 26 और 27 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25% तक बारिश की संभावना है। 28 मई को बारिश का दायरा बढ़कर गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल समेत 16 जिलों तक पहुंच सकता है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में 26 मई को हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 27 मई को पूरे 16 जिलों में यलो अलर्ट रहेगा, जबकि 28 मई को हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
शनिवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। हिसार, सिरसा और नारनौल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। मौसम के इस बदलाव ने जहां बारिश से कुछ राहत दी, वहीं तूफान और गर्मी ने लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दीं।



