National

हरियाणा में मानसून सक्रिय, यमुनानगर में बाढ़ जैसे हालात

जसविंदर सिंह संधू

चंडीगढ़, 26 जून: हरियाणा में इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है और पूरे राज्य में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। खास तौर पर पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में भारी बारिश के आसार हैं।

यमुनानगर में सबसे ज्यादा असर, बाढ़ जैसे हालात:
बुधवार को यमुनानगर में 55 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे सोम नदी उफान पर आ गई और उसका पानी कई गांवों में घुस गया। लोगों को घरों का सामान लेकर ऊंचाई पर शरण लेनी पड़ी। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं।

इन जिलों में भी बारिश के आसार:
पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, जींद, हिसार, भिवानी, सिरसा और फतेहाबाद में भी बारिश की संभावना है। गुरुवार सुबह पानीपत में बारिश हो चुकी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। रेवाड़ी, फरीदाबाद, पलवल, झज्जर और चरखी दादरी में हल्की बारिश हो सकती है।

तापमान में गिरावट:
राज्य में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है और सामान्य से 6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हालांकि बुधवार को पलवल सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ में भी बदला मौसम का मिजाज:
राजधानी चंडीगढ़ में भी मौसम ने करवट ली है। बुधवार को हुई बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी। गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने 30 जून तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है।

अलर्ट जारी:
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर निचले इलाकों में रहने वालों को। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button