National

हरियाणा में बारिश से जनजीवन प्रभावित, गर्मी से मिली राहत – आज भी अलर्ट जारी

जसविंदर सिंह संधू

चंडीगढ़, 6 मई 2025: हरियाणा में बीते दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, आज हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा के 13 जिलों — पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, चरखी दादरी, हिसार, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात और पलवल — में सबसे ज्यादा बारिश की संभावना है। वहीं, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में मध्यम बारिश हो सकती है। पानीपत, सोनीपत, करनाल और कैथल में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान में आई गिरावट
बारिश के चलते सोमवार को राज्यभर में अधिकतम तापमान में औसतन 3.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सामान्य से 8.6 डिग्री तक नीचे तापमान दर्ज किया गया। हालांकि भिवानी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री रहा। बावजूद इसके, ठंडी हवाएं और रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी से लोगों को राहत महसूस हो रही है।

सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित
लगातार बारिश के कारण कई शहरों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। विशेषकर अंबाला, यमुनानगर और फरीदाबाद में निचले इलाकों में पानी भरने की शिकायतें सामने आई हैं।

अलर्ट के बीच प्रशासन सतर्क
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और संभावित जलभराव या तूफान की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button