National

सूर्यदेव प्रचंड; 42 डिग्री पहुंचा ऊना का पारा, जानिए कब बदलेगा मौसम

तीन जिलों में लू का अलर्ट, पहली मई से बदलेगा मौसम

ऊना, 28 अप्रैल 2025 : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का तापमान 42 डिग्री पर पहुंच गया है। प्रदेश के मैदानों में भीषण गर्मी पड़ रही है जिसके चलते अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट दिया गया है। मैदानी क्षेत्रों के लोगों को लू से खुद का बचाव रखना होगा जिसकी चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। प्रदेश के पांवटा, बिलासपुर, हमीरपुर में भी प्रचंड गर्मी है। पांवटा का तापमान भी 41 डिग्री पर पहुंच चुका है। तापमान के मामले में ऊना इस वक्त सबसे आगे है। ऊना का तापमान इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी के चलते दिन के समय यहां पर लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो मैदानी इलाकों में आगामी 3 दिनों के दौरान लोगों की मुश्किल और बढ़ने वाली हैं, क्योंकि लू चलने का अलर्ट दिया गया है। खासकर तीन जिलों ऊना, कुल्लू, मंडी में तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ सकता है।प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को पूरा दिन मौसम साफ रहा। तेज धूप के खिलने से मैदानी इलाकों में दिन के समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया। खासतौर पर ऊना, पांवटा साहिब, बिलासपुर, हमीरपुर कांगड़ा धौला कुआं और सोलन में लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ी। ऊना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पांवटा साहिब में तापमान 41 डिग्री पर है। बिलासपुर में 37.9, हमीरपुर में 37 व कांगड़ा में भी तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। दोपहर बाद मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित चोटियों पर बादल घिरने शुरू हो गए थे वहीं शाम के समय पहाड़ों पर ठंडी हवाएं भी चलीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button