Punjab

साइबर क्राइम थाना पंचकूला का ASI रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

पंचकूला, 8 जुलाई 2025। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम, मनसा देवी कॉम्प्लेक्स, पंचकूला में तैनात एएसआई जसबीर सिंह को 1.15 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह सैनिटरी ट्रेडिंग का निजी कार्य करता है और फरवरी 2024 में Muthoot Finance से गोल्ड लोन लिया था। बाद में सोना बेचकर लोन चुकाने के उद्देश्य से उसने सेक्टर-20 पंचकूला स्थित Cash Your Gold Company से संपर्क किया। कंपनी ने 12 जून 2024 को उसके खाते में 5.65 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए, जिसके एवज में उसे Muthoot Finance से सोना वापस लेकर कंपनी को देना था। मामले में विवाद होने पर कंपनी ने साइबर थाना गुरुग्राम में शिकायत दर्ज करवा दी, जिसके बाद शिकायतकर्ता के और उसके परिचितों के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए। गुरुग्राम पुलिस ने बाद में यह मामला साइबर क्राइम थाना, मनसा देवी कॉम्प्लेक्स पंचकूला को ट्रांसफर कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस केस की जांच कर रहे एएसआई जसबीर सिंह ने उसके खाते को दोबारा चालू तो करवा दिया, लेकिन बदले में ₹2.5 लाख की रिश्वत की मांग की। लगातार आग्रह के बाद डील ₹1.15 लाख में तय हुई। राज्य सतर्कता ब्यूरो ने पूरी योजना के तहत आरोपी एएसआई को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी सरकारी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button