
लुधियाना, 24 जून 2025 : लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा की शानदार जीत के बाद आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान रोड शो करेंगे। यह रोड शो पार्टी की ओर से धन्यवाद यात्रा के रूप में निकाला जा रहा है, जिसमें सीएम के साथ आम आदमी पार्टी के विधायक भी शामिल होंगे। इस मौके पर पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह सेरी कलसी भी उपस्थित रहेंगे।
संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के भारत भूषण आशू को हराया
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया। AAP प्रत्याशी संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशू को 10,637 वोटों के अंतर से हराया। पूरे मतगणना के दौरान संजीव अरोड़ा लगातार बढ़त बनाए रहे और पहले राउंड से लेकर अंतिम राउंड तक लीड कायम रही।
जीत का सर्टिफिकेट लेने पहुंचे डीसी ऑफिस
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संजीव अरोड़ा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जिला उपायुक्त (DC) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें आधिकारिक तौर पर विजय प्रमाणपत्र सौंपा गया। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष अमन अरोड़ा, कैबिनेट मंत्री और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद थे।
राज्यसभा की अटकलों पर केजरीवाल ने तोड़ी चुप्पी
लुधियाना में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि, “पंजाब की जनता ने एक बार फिर हमारे काम पर मुहर लगाई है। इस जीत से साफ हो गया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों के हित में काम कर रही है।”
राज्यसभा जाने की अटकलों पर बात करते हुए केजरीवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति यह तय करेगी कि इस सीट से कौन चुनाव लड़ेगा।”



