
पाकिस्तान, 12 मई-पाकिस्तान के पश्चिमी क्षेत्र में आज, 12 मई 2025 को दोपहर 1:26 बजे (भारतीय समयानुसार) भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था और इसका अक्षांश 29.12 उत्तर तथा देशांतर 67.26 पूर्व था। भूकंप के झटके इतने तीव्र थे कि लोग घरों से बाहर निकल आए। 4.6 की तीव्रता ने लोगों में डर और चिंता का माहौल बना दिया। हालांकि, भूकंप से अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
एक सप्ताह में कई झटके
पाकिस्तान में हाल के दिनों में भूकंप की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। इससे पहले, शनिवार 10 मई को भी पाकिस्तान में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था। यह भूकंप भी पश्चिम पाकिस्तान में क्वेटा के पास 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। इसके अलावा, पिछले सप्ताह सोमवार को भी पाकिस्तान में 4.2 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था।
भूकंप क्यों आते हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप पृथ्वी की सतह के भीतर चल रहे टेक्टोनिक प्लेटों के गतिरोध का परिणाम होते हैं। पृथ्वी के भीतर सात प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटें हैं, जो लगातार अपनी जगह बदलती रहती हैं। जब इन प्लेटों के बीच घर्षण या टकराव होता है, तो भूकंप की घटनाएं होती हैं। इन घटनाओं का सबसे ज्यादा असर आम जनता पर पड़ता है, क्योंकि भूकंप से मकान गिरने की संभावना रहती है, जिसमें भारी नुकसान हो सकता है।



