
अमृतसर, 10 जून 2025 : अमृतसर पुलिस ने नशे और हवाला के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4.5 किलो से ज्यादा हेरोइन और करीब 8.7 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, इस सिंडिकेट का सरगना अर्शदीप जेल में बंद रहते हुए भी पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।
जेल से ही चला रहा था गैंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्शदीप अपने साथियों जसप्रीत और करण के साथ मिलकर ड्रग्स की तस्करी और हवाला के जरिए पैसे विदेश भेजने का काम कर रहा था। गिरोह का एक सदस्य करण, सरहद पार से ड्रग्स मंगवाकर अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। वहीं जसप्रीत हवाला चैनलों के जरिए नशे के पैसे दुबई, यूएई और पाकिस्तान तक पहुंचाता था।
मोबाइल फोन से मिले अहम सुराग
पुलिस ने अर्शदीप के कब्जे से जेल में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन फोनों की जांच में अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि उसने दुबई में एक साल बिताया था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी तस्करों से हुई। भारत लौटने के बाद उसने बॉर्डर एरिया का फायदा उठाकर ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि ड्रग्स और हवाला के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने दोहराया कि समाज को नशे की इस बुराई से बचाने के लिए वे पूरी ताकत से जुटे हैं।



