पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाली हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का पुलिस रिमांड आज खत्म, कई राज्यों की पुलिस कर रही पूछताछ

हिसार, 26 मई: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का पुलिस रिमांड आज (सोमवार) खत्म हो रहा है। पुलिस और विभिन्न जांच एजेंसियां लगातार ज्योति से पूछताछ कर रही हैं। अब गोवा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें भी हिसार पहुंचकर पूछताछ कर रही हैं। इससे पहले पंजाब, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस भी ज्योति से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, ज्योति से वीडियो बनाने का मकसद और वह वीडियो किससे शेयर किए गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मोबाइल और लैपटॉप की जांच में बड़े खुलासे:
जांच के दौरान ज्योति के मोबाइल फोन से डिलीट डेटा की रिपोर्ट सामने आई है, जिससे कुछ अहम सबूत मिलने की बात सामने आ रही है। मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर ज्योति की दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास में कार्यरत दानिश नामक व्यक्ति और पीआईओ के साथ बातचीत के सबूत मिले हैं। हालांकि, पुलिस को लैपटॉप से कोई खास डेटा नहीं मिला है। पुलिस ने ज्योति के तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को फोरेंसिक जांच के लिए मधुबन, करनाल भेजा था।
पिता से फोन पर बातचीत:
पुलिस रिमांड के दौरान ज्योति ने अपने पिता हरीश मल्होत्रा से बातचीत में कहा, “पापा, आप टेंशन मत लो, वकील मत करना। जज साहब ने मेरे लिए वकील की व्यवस्था कर दी है।” यह बातचीत पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज की गई है।
बैंक खातों की जांच:
पुलिस ज्योति के बैंक खातों की जांच भी कर रही है कि उसमें पैसे कहां से और किस स्रोत से आए। बैंक रिपोर्ट आने का इंतजार है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इस केस की जांच लंबी चल सकती है।
एसआईटी जांच में जुटी:
हिसार पुलिस की एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है, जिसमें डीएसपी सिविल लाइन थाना, एसएचओ, इकनॉमिक सेल इंचार्ज समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
आगे की रणनीति पर नजर:
पुलिस की अगली रणनीति पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि क्या ज्योति को दोबारा रिमांड पर लिया जाएगा या न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।



