
पटियाला, 12 मई 2025 : पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पटियाला पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोमवार को घग्गा के नजदीक सुआ पुल कलवाणू पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 15 किलो 680 ग्राम अफीम और 2 लाख 30 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इस दौरान कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
नॉर्थ ईस्ट से मंगवाई गई थी अफीम
पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नॉर्थ ईस्ट जैसे असम और इम्फाल से अफीम लाकर पंजाब और हरियाणा में इसकी तस्करी कर रहे थे। पुलिस को इन पर काफी समय से शक था और सोमवार को इन्हें रंगे हाथों पकड़ा गया।
DL नंबर की क्रेटा कार से कर रहे थे तस्करी
नाकाबंदी के दौरान दिल्ली नंबर की एक सफेद क्रेटा कार (DL-4C-AX-2756) को रोका गया। जांच में कार से अफीम और नकदी बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- अमरजीत सिंह (उम्र 28/29 वर्ष), पुत्र गुरसेवक सिंह
- हरमनजीत सिंह (उम्र 24/25 वर्ष), पुत्र गुरसेवक सिंह
- हरप्रीत सिंह (उम्र 26/27 वर्ष), पुत्र हरजीत सिंह, तीनों निवासी थाना सिटी सुनाम, जिला संगरूर
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
घटना के संबंध में थाना घग्गा में एफआईआर नंबर 41 दिनांक 12.05.2025 को धारा 18, 29-61/85 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। नार्को टेरर एंगल से भी जांच हो रही है।



