
चंडीगढ़, 11 जून 2025 : पंजाब में गर्मी ने इस बार अपना सबसे रौद्र रूप दिखा दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। भीषण लू के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं गुरदासपुर से एक और दर्दनाक खबर सामने आई है—यहां गर्मी की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
रेलवे स्टेशन पर मिला शव, गर्मी बनी जानलेवा
जानकारी के मुताबिक, मृतक हिमाचल प्रदेश में पेंटर का काम करता था और लौटते वक्त गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी के कारण उसे हार्ट अटैक आया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 62 साल बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी है मौत, अलर्ट जारी
गौरतलब है कि इससे पहले जालंधर में भी गर्मी से एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। मौसम विभाग ने पंजाब के 10 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, क्योंकि तापमान लगातार 47 डिग्री के आसपास बना हुआ है। बठिंडा में तो पारा 47.6 डिग्री तक पहुंच गया है।
लोगों को सलाह—बेवजह बाहर न निकलें
डॉक्टरों और प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं और खुद को धूप से बचाएं। भीषण गर्मी के इस दौर में सावधानी ही सुरक्षा है।



