Punjab

पंजाब जाने वाले HRTC के सभी रूट बहाल, पिछले महीने 20 रुट किए थे बंद

अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, पटियाला में रुकेंगी बसें

शिमला, 18 अप्रैल 2025 : पंजाब के लिए जाने वाली सभी बस सेवाओं को एचआरटीसी ने बहाल कर दिया है। पिछले महीने जिन बसों के रूट बंद किये गए थे उनको चालू कर दिया गया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। परिवहन निगम ने 26 दिनों के बाद पंजाब के लिए 20 रूटों पर बस सेवा को बहाल किया है। निगम प्रबंधन ने वीरवार दोपहर बाद इन बसों के लिए आनलाइन बुकिंग के लिए पोर्टल खोल दिया है। शुक्रवार से ये बसें तय समय के अनुसार ही पंजाब के लिए रवाना होंगी। गौर हो कि 20 मार्च की रात अमृतसर बस अड्डे पर एचआरटीसी की बसों के शीशे तोड़े गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर निगम प्रबंधन ने 21 मार्च को रात्रि ठहराव वाले 20 रूटों को बंद कर दिया था। इनमें 10 बसें अमृतसर, 4 होशियारपुर, 4 लुधियाना और दो रूट जालंधर के हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने इस मामले को लेकर पंजाब के डीजीपी सहित वहां के प्रशासनिक अधिकारियों से बात की थी। पंजाब प्रशासन ने बसों को सुरक्षा मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं विवाद अब शांत भी हो गया है। जिसके बाद निगम ने बसों के रूट दोबारा बहाल करने का निर्णय लिया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की करीब 600 बसें रोजाना पंजाब व पंजाब से होकर अन्य स्थानों के लिए जाती है। दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते के अनुसार इन बसों को चलाया जाता है। पंजाब में एचआरटीसी की खड़ी तीन बसों को नुकसान पहुंचाया गया है। इस से पहले विवादित पोस्टर भी लगाए गए थे। एक बस में पेंट से कुछ लिखा गया था। इस सिलसिले में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज की गई। विधानसभा बजट सत्र के दौरान यह घटना सामने आई थी। मामला विधानसभा में भी गूंजा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button