National

पंचकूला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक किलो से अधिक चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की कमर तोड़ने की तैयारी

पंचकूला, 07 मई: पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने ड्रग तस्करों के खिलाफ जारी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 किलो 106 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को काबू किया है। आरोपी की पहचान इफ्तेकार अहमद (उम्र 48 वर्ष), निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है, जिसे कोर्ट में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

कुल्लु से लाकर ट्राइसिटी में करता था सप्लाई

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी कुल्लु (हिमाचल प्रदेश) से चरस लाकर पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। गुप्त सूचना के आधार पर एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज प्रवीण कुमार ने टीम के साथ सेक्टर-1 सूरज सिनेमा के पास दबिश दी और मौके पर ही आरोपी को चरस सौंपते पकड़ा। आरोपी के पास से 1 किलो 106 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके संबंध में वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-7 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत केस दर्ज किया गया है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमित दहिया ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से उसके आपराधिक रिकॉर्ड, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य ड्रग सप्लायर्स के बारे में पूछताछ की जाएगी।

अवैध संपत्ति की होगी जब्ती, नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा

डीसीपी क्राइम ने कहा, “हमारी प्राथमिकता आरोपी से जुड़े पूरे नेटवर्क को बेनकाब करना है। ड्रग्स से कमाई गई संपत्ति को जब्त करने, बैंक खातों को सील करने और माफिया की रीढ़ तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।”

ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर जारी

पंचकूला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें। यदि किसी को नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है, तो वह पुलिस के ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 या 7087081048 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

नशे के अड्डों पर विशेष निगरानी और छापेमारी के निर्देश

डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने पंचकूला में ड्रग हॉटस्पॉट्स की पहचान कर उन पर विशेष निगरानी और सघन छापेमारी के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button