Punjab

नाभा रेलवे स्टेशन पर लूट की वारदात से हड़कंप, पुलिस ने 7 लुटेरे चंद घंटों में दबोचे

नाभा, 25 जून 2025 : शहर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 7 लुटेरों को नाभा पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार को नाभा रेलवे स्टेशन पर हुई, जब एक प्रवासी मजदूर पिंटू को बेरहमी से पीटकर उससे 10 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया गया। पीड़ित ने नाभा कोतवाली में घटना की सूचना दी, जिसके बाद एसएचओ सरबजीत सिंह चीमा की अगुवाई में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल की लोकेशन के आधार पर सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया।

नशे की लत ने बना दिया अपराधी

पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए लूटपाट करते थे। आरोपियों की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच है। गिरफ़्तार किए गए युवकों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए भविष्य में ऐसा अपराध न करने की बात कही है।

गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

एसएचओ सरबजीत चीमा ने बताया कि यह एक संगठित लुटेरा गिरोह है, जो अकेले व्यक्तियों को निशाना बनाकर उन्हें लूटते और गंभीर रूप से घायल कर देते थे। पुलिस अब आरोपियों का रिमांड लेकर यह पता लगाएगी कि गैंग में और कितने सदस्य हैं और इन्होंने पहले कहां-कहां वारदातों को अंजाम दिया है।

दो पर पहले से दर्ज हैं केस

गिरफ्तार लुटेरों में से दो आरोपियों पर पहले से लूट और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से पीड़ित का लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button